इस्राइल का हिसाब पूरा: 7 अक्टूबर हमले के मास्टरमाइंड अल-इसा को किया ढेर

इस्राइल ने हमास की सैन्य शाखा के संस्थापक और 7 अक्तूबर वाले हमले के मास्टरमाइंड मुहम्मद इसा अल-इसा को मार गिराया है। गाजा में इस्राइल के हमले जारी हैं, जिसमें 9 बच्चों समेत 20 लोग मारे गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अगले हफ्ते इस्राइल-हमास के बीच सीजफायर हो सकता है। वहीं, इस्राइली सेना पर निहत्थे नागरिकों पर गोली चलाने के आरोप भी लगे हैं।

Jun 29, 2025 - 11:39
 0  135
इस्राइल का हिसाब पूरा: 7 अक्टूबर हमले के मास्टरमाइंड अल-इसा को किया ढेर

तेल अवीव (आरएनआई) इस्राइल और हमास के बीच जारी जंग एक बार फिर बड़े घटनाक्रम से गुजर रही है। इस्राइल डिफेंस फोर्स ने दावा किया है कि उसने हमास की मिलिट्री विंग के संस्थापकों में से एक हखाम मुहम्मद इसा अल-इसा को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि अल-इसा 7 अक्तूबर 2023 को इस्राइल पर हुए हमले का मास्टरमाइंड था। इस कार्रवाई के बाद गाजा में तनाव और बढ़ गया है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अगले हफ्ते तक इस जंग में सीजफायर हो सकता है।

इस्राइल की सेना ने शनिवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि हमने हखाम मुहम्मद इसा अल-इसा को मार गिराया है। वह हमास की सैन्य शाखा का संस्थापक था और उसने हमास की ताकत बढ़ाने, ट्रेनिंग कराने और 7 अक्तूबर के नरसंहार की योजना बनाई थी। आईडीएफ ने बताया कि अल-इसा हवाई और समुद्री हमलों की योजना बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहा था। इस्राइल ने साफ किया है कि वो 7 अक्तूबर के हमले में शामिल सभी आतंकियों को तलाश कर खत्म करने की रणनीति पर काम कर रहा है।

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा पट्टी में इस्राइल के हमले लगातार जारी हैं। शनिवार को गाजा सिटी के टुफ्फाह इलाके में हुए एक हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 9 बच्चे भी शामिल हैं। लगातार बमबारी और सैन्य कार्रवाई से गाजा में हालात बेहद खराब हो चुके हैं। हजारों लोग बेघर हो गए हैं और खाने-पीने जैसी जरूरी चीजों की भारी किल्लत है।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा था कि मुझे लगता है, सीजफायर बहुत नजदीक है। मैंने इसमें शामिल कुछ लोगों से बात की है। हमें उम्मीद है कि अगले हफ्ते के भीतर सीजफायर की घोषणा हो जाएगी। ट्रंप ने यह नहीं बताया कि उन्होंने किन लोगों से बात की है।  सीजफायर की डील में इस्राइल पर अरब देशों के साथ रिश्ते सामान्य करने का भी दबाव बनाया जा सकता है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्राइल की कार्रवाई को लेकर विरोध बढ़ रहा है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस्राइल सैनिकों को गाजा में मानवीय सहायता मांगने आए निहत्थे फिलिस्तीनियों पर गोली चलाने के आदेश दिए गए थे। इन खबरों के सामने आने के बाद दुनियाभर में इस्राइल की नीतियों की आलोचना हो रही है। वहीं, हमास की तरफ से भी यह शर्त रखी गई है कि सीजफायर तभी संभव है, जब इस्राइल गाजा पर हमला बंद करे और कब्जा किए गए इलाकों से अपनी सेना हटाए।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.