आर्थिक फोरम में बोले पीएम मोदी – जापान टेक्नोलॉजी हब, भारत टैलेंट पावरहाउस
जापान दौरे पर पीएम मोदी ने भारत-जापान आर्थिक फोरम में शिरकत की और कहा कि भारत औऱ जापान में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। इससे पहले जापान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पीएम मोदी के आगमन पर जापान में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों में गजब का उत्साह दिखा।
टोक्यो (आरएनआई) प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जापान टेक्नोलॉजी में पावरहाउस है, तो वहीं भारत टैलेंट का पावरहाउस है। टेक्नोलॉजी और टैलेंट ही नेतृत्व कर सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा भारत और जापान में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। पीएम मोदी ने कहा कि 'आज भारत में राजनीतिक स्थिरता, आर्थिक स्थिरता, नीतियों में पारदर्शिता और पूर्वानुमानशीलता है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। और बहुत जल्द, यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है।'
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-जापान आर्थिक फोरम को संबोधित करना शुरू कर दिया है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान की दोस्ती में दोनों देशों के व्यापारिक संबंध बेहद अहम तत्व है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से विकास कर रही है और भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। पिछले 11 वर्षों में हमारी नीतियों में बड़े बदलाव आए हैं। हमारी नीतियों में पारदर्शिता आई है।
एक प्रवासी भारतीय महिला ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद कहा, 'यह पहली बार है जब मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का मौका मिला। मैं उनसे मिलकर बेहद उत्साहित थी। जिस तरह से देश आगे बढ़ रहा है और उनकी नीतियां सराहनीय हैं। हम जैसे लोग, जिनकी 10 साल पहले राजनीति में रुचि खत्म हो गई थी, अब फिर से राजनीति में रुचि पैदा कर रहे हैं।'
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर टोक्यो में भारतीय समुदाय से मिलते हुए कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं। इस पोस्ट में प्रधानमंत्री ने जापानी भाषा में भारतीय समुदाय को भव्य स्वागत के लिए धन्यवाद भी दिया।
प्रधानमंत्री के स्वागत में पारंपरिक भारतीय नृत्य करने वाली एक जापानी महिला ने कहा, 'हमने उनका स्वागत किया है और उन्होंने मुझे गाना गाने को कहा तो मैंने उनके सामने एक भजन गाया।'
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में उनके समक्ष तबला वादन करने वाले एक जापानी नागरिक ने कहा, 'मुझे भारत आते-जाते 30 साल हो गए हैं तो मेरे लिए सबसे अच्छे दिन आ गए हैं। मैंने पंडित लक्ष्मी महाराज जी से बनारस में तबला बजाना सीखा है। दुनिया के सबसे बड़े नेता के सामने प्रस्तुति देकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। हम आज के दिन के लिए 2-3 महीने से अभ्यास कर रहे थे।'
प्रधानमंत्री मोदी ने टोक्यो के होटल में पहुंचकर वहां भारतीय समुदाय से मुलाकात की। प्रधानमंत्री से मिलकर भारतीय समुदाय बेहद उत्साहित दिखा।
राजस्थानी परिधान पहने जापानी नागरिकों ने पारंपरिक तरीके से और भजन गाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
जापानी समुदाय के लोगों ने गायत्री मंत्र और अन्य मंत्रों का पाठ करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



