हरदोई में पुलिस मुठभेड़ मे पशु तस्कर गुड्डू गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Wednesday, January 21, 2026 - 09:00
Updated: 6 months ago
0
हरदोई में पुलिस मुठभेड़ मे पशु तस्कर गुड्डू गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

हरदोई (आरएनआई) थाना टड़ियावां पुलिस टीम ने बुधवार रात मुठभेड़ के दौरान एक शातिर पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। मौके से अवैध असलहा, धारदार हथियार व गौवंश बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार 21 जनवरी 2026 की रात्रि जनपद में अपराध एवं गौकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गोपामऊ रोड से शंकरपुर पुलिया की ओर गौकशी के उद्देश्य से पैदल जा रहे हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया। घेराबंदी के दौरान अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल अभियुक्त की पहचान गुड्डू पुत्र ईद्दू, निवासी कस्बा गोपा्मऊ थाना टड़ियावां, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा (.315 बोर), 01 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस, 02 चाकू, 01 बांका एवं 01 गौवंश बरामद किया गया।

घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में जनपद के विभिन्न थानों में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User