शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल

Wednesday, July 8, 2026 - 16:30
Updated: 26 days ago
0
शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल

हरदोई, 8 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से किया गया। इस अवसर पर हरदोई के पिहानी रोड स्थित जे.के. ग्रांड रिसॉर्ट में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर राज्यस्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से शिक्षकों एवं उनके पात्र आश्रितों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी चिकित्सालयों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलने के साथ आर्थिक राहत भी प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था और अब शिक्षकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी योजनाएं सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रमाण हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना शिक्षक समाज के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा परिषद एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के दस-दस शिक्षकों, शिक्षामित्रों तथा अनुदेशकों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि योजना का लाभ बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइये तथा उनके पात्र आश्रितों को मिलेगा। योजना के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीकरण, आधार आधारित ई-केवाईसी तथा डिजिटल हेल्थ कार्ड की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम स्थल पर भारतीय स्टेट बैंक तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एजुकेट गर्ल्स और प्रथम द्वारा सूचना स्टॉल लगाए गए, जहां उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योजना तथा विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, एसआरजी, एमआईएस टीम, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन मनीष मिश्र एवं श्वेता सिंह गौर ने किया।

समारोह के अंत में सभी पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों से निर्धारित पोर्टल पर शीघ्र पंजीकरण कर योजना का लाभ लेने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना केवल स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षक समाज के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। इससे शिक्षा जगत से जुड़े लाखों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आर्थिक सुरक्षा का भी भरोसा मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User