वरिष्ठ पत्रकार के. बख्श सिंह बने एनयूजे उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में तीन अहम प्रस्ताव पारित, नवगठित ट्रस्ट पर सख्त रुख

Sunday, January 18, 2026 - 21:00
0
वरिष्ठ पत्रकार के. बख्श सिंह बने एनयूजे उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष

लखनऊ (आरएनआई) नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, उत्तर प्रदेश (एनयूजे) की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित होटल द कॉन्टिनेंटल में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के साथ ही अधिकांश जनपदों के अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन के भविष्य और अनुशासन से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इसके तहत वरिष्ठ पत्रकार के. बख्श सिंह को एनयूजे, उत्तर प्रदेश का कार्यवाहक अध्यक्ष नामित किया गया। साथ ही, विवाद की जड़ बने ट्रस्ट डीड रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की कड़ी निंदा करते हुए यह स्पष्ट किया गया कि ट्रस्ट के पदाधिकारी अब एनयूजे, उत्तर प्रदेश के किसी भी स्तर पर सदस्य नहीं माने जाएंगे।

बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री संतोष भगवन ने किया। मंच पर संरक्षक अजय कुमार, अशोक अग्निहोत्री ‘ताऊ’, प्रदेश कोषाध्यक्ष अनुपान चौहान सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रयागराज के सदस्य मनोज कुमार का जन्मदिन मंच पर केक काटकर मनाया गया।

प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक कुमार जैन ने के. बख्श सिंह को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन संरक्षक अजय कुमार ने किया। प्रस्ताव के पारित होते ही सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।

प्रदेश उपाध्यक्ष निर्भय सक्सेना ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति सदन में होती है और आगे की सभी कार्यवाहियां कार्यवाहक अध्यक्ष के नेतृत्व में होंगी। प्रदेश उपाध्यक्ष हिमांशु सिंह ने स्पष्ट कहा कि किसी भी जेबी ट्रस्ट को पत्रकार संगठन के रूप में मान्यता नहीं दी जाएगी।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अतुल मोहन सिंह ने संगठन में समान सम्मान और पारदर्शिता की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरीश सैनी ने कहा कि संगठन को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से कोई समझौता नहीं होगा।

अपरिहार्य कारणों से बैठक में उपस्थित न हो पाने के बावजूद सुल्तानपुर के जिलाध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने कार्यवाहक अध्यक्ष के. बख्श सिंह को बधाई देते हुए प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णय का स्वागत किया।

उन्होंने कहा—“एनयूजे जैसे ऐतिहासिक पत्रकार संगठन में अनुशासन, पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय सर्वोपरि हैं। प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा लिया गया यह फैसला संगठन को नई दिशा और मजबूती देगा। कार्यवाहक अध्यक्ष के. बख्श सिंह के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से प्रदेश के सभी जिलों को लाभ मिलेगा। सुल्तानपुर इकाई संगठन के हर वैधानिक और लोकतांत्रिक निर्णय के साथ खड़ी है।”

संरक्षक एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह ने कहा कि विवाद की जड़ बने नवगठित ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाएगा। संगठन को कमजोर करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जल्द ही उत्तर प्रदेश इकाई के स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने की घोषणा भी की।

लखनऊ इकाई की ओर से कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मीनाक्षी वर्मा के नेतृत्व में प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

प्रदेश कार्यकारिणी में पारित प्रमुख प्रस्ताव :-

एनयूजे, उत्तर प्रदेश के कार्य संचालन के लिए के. बख्श सिंह कार्यवाहक अध्यक्ष नामित

ट्रस्ट डीड रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया व उसमें शामिल लोगों की कड़ी निंदा

 ट्रस्ट के पदाधिकारी एनयूजे, उत्तर प्रदेश की सदस्यता से पूर्णतः पृथक

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User