रिलायंस इंडस्ट्रीज, बैंक शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 632 अंक लुढ़का, निफ्टी 18,000 से नीचे

घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 632 अंक लुढ़क गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों की शेयर बाजार से पूंजी निकासी जारी रहने और यूरोपीय बाजारों में कमजोर रुख के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज और बैंक शेयरों में बिकवाली से बाजार नुकसान में रहा।

Tuesday, January 10, 2023 - 22:45
0
रिलायंस इंडस्ट्रीज, बैंक शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 632 अंक लुढ़का, निफ्टी 18,000 से नीचे

मुंबई, 10 जनवरी 2023, (आरएनआई)। घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 632 अंक लुढ़क गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों की शेयर बाजार से पूंजी निकासी जारी रहने और यूरोपीय बाजारों में कमजोर रुख के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज और बैंक शेयरों में बिकवाली से बाजार नुकसान में रहा।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 631.83 अंक यानी 1.04 प्रतिशत लुढ़ककर 60,115.48 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 808.93 अंक तक नीचे आ गया था।

पचास शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 187.05 अंक टूटकर 17,914.15 अंक पर बंद हुआ।

कोटक सिक्योरिटीज लि. के इक्विटी शोध प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘स्थानीय निवेशकों ने वैश्विक रुख का अनुकरण किया है। यूरोपीय और अमेरिकी बाजारों में गिरावट से घरेलू शेयर बाजार नीचे आया और एनएसई निफ्टी महत्वपूर्ण 18,000 अंक के स्तर से नीचे बंद हुआ। कारोबारी धारणा कमजोर रही और कमजोर वैश्विक कारकों ने निवेशकों को नियमित अंतराल पर मुनाफावसूली के लिये प्रेरित किया।’’

सेंसेक्स के शेयरों में भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी लि., एनटीपीसी, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

दूसरी तरफ टाटा मोटर्स, पावरग्रिड, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनीलिवर, इंडसइंड बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा बैंक लाभ में रहे।

देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस का शेयर 1.05 प्रतिशत नीचे आया। हालांकि, कंपनी का लाभ दिसंबर तिमाही में 11 प्रतिशत बढ़कर 10,846 करोड़ रुपये रहा। लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि यह बाजार की उम्मीद के अनुरूप नहीं है।

मेहता इक्विटीज लि. के शोध विश्लेषक और वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) पी तपसे ने कहा कि फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के संबोधन से पहले बाजार में गिरावट रही और निफ्टी 18,100 अंक के स्तर से नीचे आया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजारों में सोमवार को मिला-जुला रुख था।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.28 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 203.13 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User