युवा उद्यमियों को मिलेगा समय पर ऋण, सीडीओ ने समीक्षा बैठक मे दिए सख्त निर्देश

Tuesday, July 28, 2026 - 18:15
Updated: 2 days ago
0
युवा उद्यमियों को मिलेगा समय पर ऋण, सीडीओ ने समीक्षा बैठक मे दिए सख्त निर्देश

हरदोई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र युवाओं को समयबद्ध लाभ दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, ऋण वितरण तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि पात्र आवेदकों के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत मामलों में ऋण वितरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी बैंक समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृत कर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

सीडीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से युवा अपना उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा आवेदन प्रक्रिया में उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने बैंक शाखाओं और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र युवा तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।

बैठक में उपायुक्त उद्योग हर्ष प्रताप सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्रा, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सुष्मिता सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User