बरनाला घटना के विरोध में पंजाब बंद का असर, जालंधर में स्कूल बंद; बाजार और परिवहन प्रभावित

Monday, July 27, 2026 - 12:39
0
बरनाला घटना के विरोध में पंजाब बंद का असर, जालंधर में स्कूल बंद; बाजार और परिवहन प्रभावित

चंडीगढ़। बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज द्वारा आहूत पंजाब बंद का असर सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिला। जालंधर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बाजारों और परिवहन सेवाओं पर इसका प्रभाव पड़ा, जबकि एहतियात के तौर पर कई निजी स्कूलों ने अवकाश घोषित कर दिया।

बंद को देखते हुए जालंधर के एमजीएन स्कूल, सेठ हुक्म चंद स्कूल, इनोसेंट हार्ट स्कूल और शिव ज्योति स्कूल ने छुट्टी की घोषणा की। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए कई स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लिया।

वाल्मीकि समाज के विभिन्न संगठनों ने व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से बंद का समर्थन करने तथा आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। बंद के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और परिवहन सेवाओं के प्रभावित रहने की संभावना जताई गई।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी प्रमुख व्यापारिक संगठन या व्यापारी एसोसिएशन की ओर से बंद को आधिकारिक समर्थन देने की पुष्टि नहीं हुई थी।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने, कानून-व्यवस्था का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User