पंचर की दुकान की आड़ में जासूसी: बिहार का नौशाद निकला पाकिस्तानी नेटवर्क का अहम कड़ी

Monday, March 23, 2026 - 10:41
0
पंचर की दुकान की आड़ में जासूसी: बिहार का नौशाद निकला पाकिस्तानी नेटवर्क का अहम कड़ी

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला नौशाद अली उर्फ लालू एक बड़े जासूसी नेटवर्क का हिस्सा निकलकर सामने आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसे पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि वह हरियाणा के फरीदाबाद में एक पेट्रोल पंप के पास पंचर की दुकान चलाते हुए गुप्त रूप से सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी दुश्मन देश तक पहुंचा रहा था।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों की जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर देश-विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। आरोपियों ने दिल्ली और हरियाणा के रेलवे स्टेशनों के आसपास रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर सोलर पावर्ड कैमरे लगा रखे थे। इन कैमरों के जरिए सेना की गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी और तस्वीरें व वीडियो पाकिस्तानी व्हाट्सऐप ग्रुप्स पर भेजे जाते थे। इसके बदले उन्हें प्रति फोटो या वीडियो 4 से 6 हजार रुपये तक मिलते थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि नौशाद इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड सुहेल मलिक उर्फ रोमियो का बेहद करीबी सहयोगी था और सीधे पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था। इस मामले में मथुरा से मीरा नाम की एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है, जो हथियारों की तस्करी में शामिल बताई जा रही है। उसके मोबाइल से कई संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें बरामद हुई हैं।

16 मार्च को पुलिस ने गाजियाबाद से फरीदाबाद पहुंचकर सादे कपड़ों में कार्रवाई करते हुए नौशाद को गिरफ्तार किया। उस समय वह पेट्रोल पंप पर ही मौजूद था और उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि पुलिस उसी की तलाश में आई है। पहचान पक्की होते ही उसे हिरासत में लेकर उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तारी की खबर जैसे ही उसके गांव हरचंदा पहुंची, वहां सनसनी फैल गई। गांव में चर्चा है कि उसके पिता ने हाल के वर्षों में अचानक काफी संपत्ति अर्जित की है, जिससे शक और गहरा गया है। पुलिस अब परिवार के वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

इस पूरे मामले में अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें कई नाबालिग भी शामिल हैं। खुलासे के बाद सेना और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और नेटवर्क के बाकी सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User