हरदोई में मिशन शक्ति फेस-5.0 के तहत महिला पुलिसकर्मियों की बाइक रैली, नारी सुरक्षा का दिया संदेश
हरदोई (आरएनआई) योगी आदित्यनाथ द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेस-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत आज हरदोई जनपद में महिला पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों ने जागरूकता बाइक रैली निकाली।
बाइक रैली पुलिस लाइन से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न सार्वजनिक स्थलों तक पहुंची। रैली के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान” तथा “महिलाओं के अधिकार, सबका सहयोग” जैसे संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।
रैली में शामिल अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज में उनके प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग निरंतर संवेदनशील है और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
बाइक रैली के दौरान बाजारों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा साइबर अपराध, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थानों की महिला स्टाफ एवं अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)