निपुण भारत समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, शिक्षा की गुणवत्ता और नामांकन बढ़ाने के निर्देश

Wednesday, June 17, 2026 - 18:26
Updated: 2 months ago
0
निपुण भारत समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, शिक्षा की गुणवत्ता और नामांकन बढ़ाने के निर्देश

हरदोई (आरएनआई)। स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की प्रगति, छात्रों की उपस्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत “ऑपरेशन कायाकल्प” के अंतर्गत विद्यालयों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एआरपी, एसआरजी एवं डायट मेंटर नियमित रूप से विद्यालयों का भ्रमण करें तथा निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर कराना सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान डीबीटी, शिक्षक उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, किचन गार्डन, बाउंड्रीवाल, विद्युत कनेक्शन तथा सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालयों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूल चलो अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित कर लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए, जिससे कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन का उद्देश्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए विद्यालयों में शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और शिक्षकों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार और वितरित किया जाए। उन्होंने रिक्त एआरपी पदों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना सुनिश्चित करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User