कलेक्टर-एसपी का औचक निरीक्षण, उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाएं परखी, किसानों से किया संवाद
गुना (आरएनआई) जिले में समर्थन मूल्य पर संचालित उपार्जन कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने हेतु कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा ग्राम बरखेड़ी राघौगढ़ स्थित देवांशी वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल भी उपस्थित रहीं। उपार्जन व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण कलेक्टर द्वारा खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण एवं संपूर्ण संचालन प्रणाली का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में संपादित हो, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य बिना किसी विलंब के प्राप्त हो सके। किसानों से संवाद और सम्मान, खुद वितरित की ठंडाई कलेक्टर श्री कन्याल ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव प्राप्त किए तथा बताया उपार्जित फसल का भुगतान अधिकतम 2 से 7 दिवस के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित किया जाएगा। इस दौरान कृषकों का पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा कलेक्टर ने खुद कृषकों को ठंडाई वितरित की। मूलभूत व्यवस्थाओं पर निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर कृषकों ने व्यक्त की संतुष्टि कलेक्टर ने केंद्र पर पेयजल, छायादार स्थल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उन्हें सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। व्यवस्थाओं को लेकर किसानों द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई। औद्योगिक क्षेत्र चैनपुरा का निरीक्षण इसके पश्चात कलेक्टर ने इंडस्ट्रियल एरिया चैनपुरा का निरीक्षण कर लेआउट के माध्यम से प्रोजेक्ट की जानकारी ली और कार्य को समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। आधुनिक कृषक की नवाचार की सराहना, भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्राम भैंसाना (राघौगढ़) में कृषक गणपत सिंह यादव के खेत का निरीक्षण किया। यहां ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग एवं स्टेकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ लौकी, भिंडी, गिलकी, खीरा, करेला एवं टमाटर की इंटरक्रॉपिंग (बहु-फसली खेती) की जा रही है। इस प्रणाली से जोखिम कम होने के साथ आय में स्थिरता बनी रहती है तथा प्रति एकड़ लगभग 5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। कलेक्टर ने इस नवाचार की सराहना करते हुए अन्य किसानों को इसे अपनाने की सलाह दी। धार्मिक आयोजन की तैयारियों की समीक्षा कलेक्टर ने राघौगढ़ के ग्राम भैंसाना में प्रस्तावित विशाल यज्ञ की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंदिर परिसर में दर्शन कर उन्होंने लोगों से संवाद किया। लोगों की सुझाव के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल, वालंटियर की उपलब्धता एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवाद के दौरान उन्होंने पराली (नरवाई) न जलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि सेटेलाइट के माध्यम से इसकी नियमित निगरानी की जाती है तथा सभी को पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करना चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि सभी लोगों को मिलकर यज्ञ को सफल बनाना है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम राघौगढ़ अमित सोनी, जिला अधिकारी सहकारिता विभाग मुकेश जैन,जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पांडेय, उपसंचालक कृषि संजीव शर्मा, मंडी सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)