कलम का सिपाही हार गया ज़िंदगी की जंग: छँटनी, बीमारी और आर्थिक तंगी से टूटे वरिष्ठ पत्रकार राजेश अवस्थी
मेरठ के माधवपुरम निवासी वरिष्ठ पत्रकार राजेश अवस्थी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय तक दैनिक जागरण के मेरठ संस्करण में कार्यरत रहे थे और अपने शांत, मृदुभाषी तथा सहयोगी स्वभाव के कारण पत्रकार साथियों के बीच बेहद सम्मानित थे।
जानकारी के अनुसार, करियर का अधिकांश समय संस्थान को देने के बावजूद उन्हें छँटनी का सामना करना पड़ा। सीमित वेतन और नौकरी जाने के बाद वे लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। करीबी लोगों का कहना है कि इस दौरान वे मानसिक तनाव और अवसाद में भी चले गए थे।
बताया जा रहा है कि राजेश अवस्थी पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी के साथ-साथ कई स्वास्थ्य समस्याओं से भी परेशान थे। शुक्रवार को वह घर से निकले थे, जिसके बाद शनिवार को उनका शव एक पेड़ के नीचे मिला। मौके से सल्फास की गोलियां मिलने की भी चर्चा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।
उनके साथ काम कर चुके पत्रकार साथियों ने बताया कि उन्होंने जीवनभर संघर्ष किया, लेकिन कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। कठिन परिस्थितियों और बीमारी के बावजूद वे लगातार सक्रिय रहने की कोशिश करते रहे। ऐसे में उनके निधन की खबर ने सहयोगियों और मित्रों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पत्रकार समुदाय ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार की मदद के लिए साथियों और शुभचिंतकों से आगे आने की अपील भी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)