हरदोई में विशेष संचारी एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जिला पंचायत अध्यक्ष ने की साफ-सफाई की अपील
हरदोई (आरएनआई) जनपद में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाने और जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज 'विशेष संचारी एवं दस्तक अभियान' का भव्य शुभारम्भ किया गया । नयागांव मुबारकपुर स्थित 100 शैय्या चिकित्सालय में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारम्भ जनपद की प्रथम नागरिक व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती ने फीता काटकर किया । शुभारम्भ के बाद आम जनमानस से अपील करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती ने स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि, "सभी नागरिक साफ़-सफाई के प्रति जागरूक रहें और अपने घरों के भीतर या आस-पास जल भराव न होने दें। कोई भी बुखार जानलेवा हो सकता है, इसलिए बुखार आने पर बिना समय गंवाए तुरंत नजदीकी चिकित्सालय से सम्पर्क करें ।"
मौके पर मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० भवनाथ पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान 01 जुलाई 2026 से शुरू होकर 31 जुलाई 2026 तक पूरे एक महीने चलेगा । अभियान में सम्मिलित सभी विभाग जैसे नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन, कृषि, स्वास्थ्य इत्यादि सभी विभाग अपने निर्धारित कार्य करेंगें । दस्तक अभियान दिनांक 11 जुलाई 2026 से चलेगा जिसमें स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास परियोजना विभाग की आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की टीम घर-घर जाकर मोर्चा संभालेंगी । वह परिवारों को संचारी रोगों, मच्छर से बचाव के बारे में और हैण्डवाशिंग (हाथ धोने के सही तरीकों) के प्रति जागरूक करेंगी । इसके अलावा, टीम घर-घर जाकर खांसी, जुकाम, बुखार, फाइलेरिया, कुष्ठ और तपेदिक (टीबी) के लक्षण वाले रोगियों के साथ-साथ कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर उनकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को देगी। स्वास्थ्य टीमें घरों के भीतर जाकर उन हॉटस्पॉट्स की भी जांच करेंगी जहाँ मच्छर पनप सकते हैं (सोर्स डिडक्शन) एवं उसका निस्तारण करवाएंगी ।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० अरविन्द सचान, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल डॉ० सुरेन्द्र कुमार, 100 शैय्या चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ० अनिल, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक, डॉ० सी०बी० सिंह और डॉ० राजेश सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे ।
*अभियान की मुख्य विकास अधिकारी ने ली बैठक*
विशेष संचारी अभियान की द्वितीय अंतर्विभागीय बैठक मुख्य विकास अधिकारी नेहा डब्याल की अध्यक्षता में स्वर्ण जयंती सभागार विकास भवन में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अभियान में अपने निर्धारित कार्य तत्परता से करें एवं प्रत्येक गतिविधि की फोटो ग्रुप पर भेजें जिसमें एक्चुअल मानिटरिग की जा सके। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अभियान में सम्मिलित विभागो के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)