हरदोई में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की मांग तेज, मंत्री और विधायक से मिले राजवर्धन सिंह परमार
हरदोई। हरदोई शहर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवर्धन सिंह परमार ने उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह तथा मल्लावां-बिलग्राम विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष सिंह 'आशु' से मुलाकात कर प्रतिमा स्थापना की मांग रखी।
राजवर्धन सिंह परमार ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास में वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने मांग की कि हरदोई शहर के किसी प्रमुख चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए। उन्होंने परिवहन मंत्री से आग्रह किया कि शासन स्तर पर केवल उपयुक्त स्थान और आवश्यक प्रशासनिक अनुमति उपलब्ध करा दी जाए। प्रतिमा के निर्माण और स्थापना का पूरा खर्च वह स्वयं निजी संसाधनों एवं जनसहयोग से वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का संघर्षपूर्ण जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से युवाओं को उनके आदर्शों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलेगी।
इस मुद्दे पर विधायक आशीष सिंह 'आशु' ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर हरदोई के किसी प्रमुख चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की है। उन्होंने पत्र में जनभावनाओं का उल्लेख करते हुए प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और विधायक आशीष सिंह 'आशु' ने भी महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना का समर्थन करते हुए कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगनी चाहिए।
महाराणा प्रताप सेना के लखनऊ मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह 'राजा' ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन इस मांग की लगातार अनदेखी करता है तो संगठन ज्ञापन देने के साथ-साथ धरना-प्रदर्शन भी करेगा।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष रितेश सिंह बहर, जिला उपाध्यक्ष सचिन श्रीवास्तव, युवा अध्यक्ष रितेश सिंह, मंडल महामंत्री अंकुर सिंह तोमर सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)