हरदोई में गेस्ट हाउस संचालक की हत्या, जंगल में मिला रक्तरंजित शव
हरदोई (आरएनआई)। लोनार थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब राजाबहादुर महाविद्यालय के समीप स्थित जंगल में एक गेस्ट हाउस संचालक का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। निर्मम हत्या की इस वारदात से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम लगभग चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि जंगल में एक व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी थी और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव के निशान मौजूद थे। घटनास्थल से एक बांका भी बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि इसी हथियार से वार कर हत्या को अंजाम दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक तथा स्थानीय पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक की पहचान 43 वर्षीय अनिल कुमार भदौरिया उर्फ मुन्नू सिंह, निवासी नकटौरा पुलिया, के रूप में हुई है। वह क्षेत्र में गेस्ट हाउस का संचालन करते थे और परिवार सहित वहीं निवास करते थे। परिजनों ने बताया कि वह सुबह लगभग 10:30 बजे मोटरसाइकिल से किसी कार्य से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे।

परिजनों ने गांव के ही पांच लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी एवं सर्विलांस टीम सहित कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)