सीडीओ के औचक निरीक्षण में खुली स्कूल और आंगनबाड़ी की पोल, जिम्मेदारों पर गिरी गाज
हरदोई (आरएनआई) विकास खंड बावन के उच्च प्राथमिक विद्यालय भिठारी और आंगनबाड़ी केंद्र भिठारी के औचक निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल को शिक्षा व्यवस्था और आंगनबाड़ी संचालन की हकीकत देखने को मिली। विद्यालय में कम छात्र उपस्थिति, शिक्षकों की अनुपस्थिति, बदहाल साफ-सफाई और आंगनबाड़ी केंद्र पर महज दो बच्चों की मौजूदगी पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय भिठारी में 121 पंजीकृत छात्र-छात्राओं के सापेक्ष केवल 60 बच्चे उपस्थित मिले। इस पर सीडीओ ने छात्र उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। विद्यालय में स्वीकृत चार शिक्षकों में से केवल एक शिक्षक मौजूद था, जबकि तीन शिक्षक अवकाश पर थे।
विद्यालय परिसर में जगह-जगह मलवा और घास-फूस मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। पर्याप्त बेंच होने के बावजूद कक्षा छह के बच्चों को दरी पर बैठाकर पढ़ाए जाने को भी गंभीर लापरवाही माना। इस पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार के विरुद्ध आरोप पत्र जारी करने तथा खंड शिक्षा अधिकारी बावन को शिथिल पर्यवेक्षण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए। साथ ही विद्यालय की बाल पेंटिंग और एस्ट्रोनॉमी लैब की क्षतिग्रस्त पेंटिंग का दोबारा रंग-रोगन कराने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी और ग्राम पंचायत सचिव को दिए।
इसके बाद सीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र भिठारी का निरीक्षण किया, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ती रजौली देवी अनुपस्थित मिलीं, जबकि सहायिका निर्मला देवी मौजूद थीं। 45 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष केवल दो बच्चे उपस्थित पाए गए। केंद्र के संचालन में गंभीर लापरवाही मिलने पर सीडीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सुपरवाइजर नीलू कश्यप और बाल विकास परियोजना अधिकारी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता (ग्रामीण अभियंत्रण विभाग) प्रदीप पाल, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय तथा खंड विकास अधिकारी बावन डॉ. राम प्रकाश भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)