शाहरुख ने मुझे फोन करके फिल्म ‘पठान’ के खिलाफ प्रदर्शनों पर चिंता जतायी : असम के मुख्यमंत्री

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि अभिनेता शाहरुख खान ने रविवार को फोन पर उनसे बात करके शहर में फिल्म ‘पठान’ के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों पर चिंता जतायी है।

Monday, January 23, 2023 - 00:30
0
शाहरुख ने मुझे फोन करके फिल्म ‘पठान’ के खिलाफ प्रदर्शनों पर चिंता जतायी : असम के मुख्यमंत्री
शाहरुख खान-हिमंत विश्व शर्मा

गुवाहाटी, 22 जनवरी 2023, (आरएनआई)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि अभिनेता शाहरुख खान ने रविवार को फोन पर उनसे बात करके शहर में फिल्म ‘पठान’ के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों पर चिंता जतायी है।

शर्मा ने शाहरुख को आश्वासन दिया कि उनकी सरकार फिल्म के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बारे में पता करेगी और सुनिश्चित करेगी कि फिर से कोई ‘‘अप्रिय घटना ना हो।’’

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने कहा था कि ‘‘कौन हैं शाहरुख खान? मैं उनके या उनकी फिल्म पठान के बारे में कुछ नहीं जानता।’’ मुख्यमंत्री ने फिल्म के खिलाफ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के हिंसक प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर यह टिप्पणी की थी। गौरतलब है कि शुक्रवार को शहर के नारेंगी सिनेमाघर पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने धावा बोल दिया था, जहां फिल्म का प्रदर्शन होना है।

दक्षिणपंथी समूह के कार्यकर्ताओं ने फिल्म के पोस्टर फाड़ दिए थे और उन्हें आग के हवाले कर दिया था।

शर्मा ने अपने ट्वीट में कहा है, ‘‘बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने मुझे फोन किया और आज तड़के दो बजे हमने बातचीत की। उन्होंने गुवाहाटी में अपनी फिल्म के प्रदर्शन के दौरान हुई घटना पर चिंता जतायी। मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। हम पता करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि कोई अप्रिय घटना न हो।’’

गौरतलब है कि शाहरुख खान के इस मामले में फोन करने से पहले ही मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा था कि अगर कानून-व्यवस्था का उल्लंघन होता है, तो कार्रवाई की जाएगी।

विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री के पूर्व के बयान और हालिया टिप्पणी को लेकर उनपर निशाना साधा। शाहरुख पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता बबीता शर्मा ने कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री को इस तरह की बातें करने की आदत है। एक दिन उन्होंने कहा था कि वह हमारे वरिष्ठ नेता जयराम रमेश को नहीं जानते, जबकि शर्मा दशकों तक कांग्रेस में रहे।’’

असम राज्य फिल्म वित्त और विकास निगम की पूर्व अध्यक्ष और अदाकारा शर्मा ने कहा, ‘‘यह ध्यान आकर्षित करने के लिए एक तरह का पब्लिसिटी स्टंट हो सकता है।’’ बबीता शर्मा ने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा कि शाहरुख ने गुवाहाटी में गोल्ड सिनेमा फ्रेंचाइजी के मालिक को भी फोन किया था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसके एक थियेटर के सामने प्रदर्शन किया था।

वहीं, असम जातीय परिषद (एजेपी) के महासचिव और सांस्कृतिक कार्यकर्ता जगदीश भुइयां ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया, ‘‘शाहरुख खान कौन हैं ? मुख्यमंत्री ने शाहरुख खान से रात 2 बजे क्यों बात की, जिन्हें वह जानते भी नहीं हैं?’’

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User