महाराष्ट्र: गोमांस ले जाने के संदेह में ‘गौरक्षकों’ ने एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या की

महाराष्ट्र के नासिक जिले में गोमांस ले जाने के संदेह में कथित ‘गौरक्षकों’ के एक समूह ने एक 32 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

Monday, June 26, 2023 - 14:00
0
महाराष्ट्र: गोमांस ले जाने के संदेह में ‘गौरक्षकों’ ने एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या की

मुंबई, 26 जून 2023, (आरएनआई)। महाराष्ट्र के नासिक जिले में गोमांस ले जाने के संदेह में कथित ‘गौरक्षकों’ के एक समूह ने एक 32 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नासिक में पिछले करीब दो सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना सामने आई है, जब कथित गौरक्षकों द्वारा किसी व्यक्ति की हत्या कर दी गई।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नासिक के इगतपुरी इलाके में घोटी-सिन्नार रोड पर गंभीरवाड़ी के पास हुई।

घोटी पुलिस ने बताया कि इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि मुंबई के कुर्ला इलाके के दो लोग एक कार में मांस ले जा रहे थे। इसी दौरान उन पर कथित तौर पर 10 से 15 ‘गौरक्षकों’ के एक समूह ने ‘स्टील’ की छड़ और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि मुंबई जा रहे अफान अंसारी (32) और उसका सहयोगी नासिर कुरेशी (24) हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को धामनगांव इलाके के एसएमबीटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अंसारी की मौत हो गई। कुरेशी का इलाज जारी है।

अधिकारी ने बताया कि कुरेशी की शिकायत के आधार पर घोटी पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया और हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मांस के नमूनों को परीक्षण के लिए ‘फोरेंसिक लैब’ भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।

इससे पुलिस ने बताया था कि आठ जून को टेंपो में मवेशी ले जा रहे तीन लोगों पर कथित तौर पर ‘गौरक्षकों’ के एक समूह ने हमला कर दिया था। उनमें से एक लुकमान अंसारी (23) का शव 10 जून को इगतपुरी इलाके के घाटनदेवी में एक घाटी से बरामद हुआ था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User