परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करें, नियमित निरीक्षण करें बीईओ: अनुनय झा
हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में निरंतर सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
जिलाधिकारी ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें और निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठकों का भी यथासंभव आयोजन कराकर उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों में सुधार आएगा।
बैठक में लक्ष्य के अनुरूप छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाली धनराशि समयबद्ध तरीके से उनके खातों में अंतरित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वहां सभी आवश्यक अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से भी कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक विकास कार्य कराए जाएं।
गोद लिए गए विद्यालयों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र संख्या एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में प्राचार्य डायट रामेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय सहित बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)