तंबाकू छोड़ें, जीवन जोड़ें: हरदोई में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जनजागरण अभियान
हरदोई (आरएनआई)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जनपद में जिला तंबाकू नियंत्रण सेल द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित थीम “Unmasking the Appeal: Countering Nicotine and Tobacco Addiction” के तहत आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को तंबाकू एवं निकोटिन की लत के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ और नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार सहित जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, जिला पुरुष एवं महिला चिकित्सालय तथा एस.एस. इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में वृहद हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने तंबाकू उत्पादों का सेवन न करने की शपथ ली।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के नोडल अधिकारी डॉ. पंकज मिश्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू सेवन आज अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बन चुका है। उन्होंने बताया कि तंबाकू की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। युवाओं को इस आदत से दूर रखने के लिए व्यापक जागरूकता और जनसहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा)-2003 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना दंडनीय अपराध है। तंबाकू उत्पादों के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष विज्ञापन पर पूर्ण प्रतिबंध है। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पाद बेचना तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज की परिधि में तंबाकू की बिक्री कानूनन प्रतिबंधित है। नियमों के उल्लंघन पर 200 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू का सेवन फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, श्वसन संबंधी बीमारियों, मधुमेह, दृष्टि संबंधी समस्याओं, मसूड़ों की बीमारी, हड्डियों की कमजोरी और पेट के अल्सर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म देता है। उन्होंने लोगों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला सलाहकार एनटीसीपी डॉ. शिवम गुप्ता, एफएलसी नीरज गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता तरन्नुम बानों तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर हिमांशु सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)