टॉपर विद्यार्थियों को मिला सम्मान, जिलाधिकारी बोले— व्यक्तित्व विकास पर भी दें ध्यान

Monday, June 1, 2026 - 19:41
Updated: 2 months ago
0
टॉपर विद्यार्थियों को मिला सम्मान, जिलाधिकारी बोले— व्यक्तित्व विकास पर भी दें ध्यान

हरदोई (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की वर्ष-2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के मेधावी विद्यार्थियों को सोमवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की जनपदीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 20 विद्यार्थियों को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पी.के. वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुनय झा ने की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दीपिका भार्गव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक बालमुकुन्द प्रसाद सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।

राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के उपरांत जनपद स्तर पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 10-10 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल वर्ग में समर्थ गुप्ता, दिव्यांशी पाल, शरदवीर सिंह, रेशू पटेल, ईशू पटेल, भावना त्रिवेदी, आदर्श कुमार, निवेदन, काजल सिंह चौहान तथा रमन वर्मा को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में यशस्वी, आकांक्षा विश्वकर्मा, प्रखर पटेल, हिमांशी यादव, जुनेद अहमद, अभय पटेल, रजत यादव और सार्थक त्रिपाठी सहित अन्य मेधावियों को सम्मान प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बनना भी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पी.के. वर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से ही सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी उपलब्धियों से पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है।

कार्यक्रम के अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक बालमुकुन्द प्रसाद ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक समग्र शिक्षा (माध्यमिक) अभय जैन ने किया।

सम्मान समारोह के दौरान सभागार में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरे गर्व से दमक उठे तथा तालियों की गूंज के बीच प्रतिभाओं का अभिनंदन किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User