गलत व्यक्ति को आरसी नोटिस देने का आरोप, बैंक कर्मियों की कार्यशैली पर उठे सवाल
हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के निकट झाला क्षेत्र में एक परिवार ने संडीला स्थित भूमि विकास बैंक के कर्मचारियों पर बिना सत्यापन घर में प्रवेश करने, फोटो खींचने और गलत व्यक्ति के नाम की आरसी नोटिस थमाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस और तहसील प्रशासन से कर कार्रवाई की मांग की है।
सिकंदरपुर निवासी सरदार विक्की सिंह पुत्र गुरनाम सिंह के अनुसार, 2 जुलाई को वह दवा लेने के लिए लखनऊ गए थे। घर पर उनकी पत्नी परमवीर कौर मौजूद थीं, जबकि पुत्र अजय सिंह खेत पर गया था। आरोप है कि दोपहर करीब 12:30 बजे सफेद कार से आए कुछ लोग, जिनमें एक महिला भी शामिल थी, बिना अनुमति उनके घर में प्रवेश कर गए और मोबाइल फोन से घर व कृषि यंत्रों की तस्वीरें लेने लगे।
परिवार का कहना है कि अजनबियों को देखकर महिलाएं घबरा गईं। सूचना मिलने पर अजय सिंह घर पहुंचा तो कथित बैंक कर्मियों ने स्वयं को भूमि विकास बैंक का कर्मचारी बताते हुए बकाया ऋण की आरसी नोटिस देने की बात कही। आरोप है कि उन्होंने अजय सिंह से एक सादे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें जो नोटिस दी गई, उसमें तारा चंद्र पुत्र रामलाल निवासी बहादुरपुर पिपरी के नाम से 58 हजार रुपये की आरसी अंकित थी, जबकि उनका उस व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। विक्की सिंह का दावा है कि उन्होंने कभी किसी बैंक से ऋण नहीं लिया है और न ही उन पर कोई बकाया है।
विक्की सिंह ने बेनीगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने संडीला तहसीलदार अमित कुमार से भी शिकायत की। उनके अनुसार, तहसीलदार ने कहा कि नोटिस पर उनके हस्ताक्षर हैं, लेकिन किसी निर्दोष व्यक्ति को प्रताड़ित करने अथवा उसके सम्मान को ठेस पहुंचाने का कोई निर्देश नहीं दिया गया।
इस संबंध में भूमि विकास बैंक, संडीला के प्रबंधक योगेंद्र कुमार ने बताया कि बैंक का स्टाफ नोटिस देने गया था, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की अभद्रता से इनकार किया। इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें कथित बैंक कर्मी एक घर के भीतर मोबाइल से तस्वीरें लेते दिखाई दे रहे हैं।
विक्की सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि वह समाजवादी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और उन्हें साजिशन मानसिक रूप से परेशान तथा बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
बेनीगंज पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)