बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं: अनफिट स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
हरदोई। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत हरदोई में परिवहन विभाग ने अनफिट एवं नियमों की अनदेखी कर रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को चलाए गए विशेष जांच अभियान में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले पांच स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को संबंधित थानों में निरुद्ध (सीज) कर दिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 1 से 15 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत परिवहन विभाग की प्रशासन एवं प्रवर्तन शाखा संयुक्त रूप से स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।
जांच के दौरान दक्ष इंटरनेशनल स्कूल, शाहाबाद के 13, जय विद्या सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, लखनऊ रोड के 12 तथा न्यू हाईट्स स्कूल, नानकगंज ग्रांट के 11 वाहनों के आवश्यक प्रपत्र वैध नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित विद्यालयों को तत्काल सभी दस्तावेज वैध कराने के निर्देश दिए हैं।
एआरटीओ ने कहा कि जिन स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा अथवा प्रदूषण प्रमाणपत्र की अवधि समाप्त हो चुकी है, उनके स्वामी बिना देरी किए नवीनीकरण करा लें। अन्यथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान, वाहन निरुद्ध करने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से भी अपील की कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी अनफिट या दस्तावेजविहीन वाहन का संचालन न होने दें। साथ ही वाहन संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज समय से नवीनीकृत कराने के लिए निर्देशित करें, ताकि किसी भी दुर्घटना या अप्रिय घटना से बचा जा सके।
एआरटीओ ने बताया कि 8 से 15 जुलाई तक पुलिस और परिवहन विभाग का संयुक्त विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना बीमा, बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र अथवा अन्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए स्कूली बच्चों का परिवहन करने वाले स्कूल एवं निजी वाहनों के विरुद्ध सघन जांच कर चालान, वाहन निरुद्ध करने और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)