कोतवाली कछौना में पॉक्सो एक्ट एवं बाल सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Wednesday, July 29, 2026 - 20:22
Updated: 1 day ago
0
कोतवाली कछौना में पॉक्सो एक्ट एवं बाल सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कछौना, हरदोई। (आरएनआई) कछौना कोतवाली में चुप्पी तोड़ – हल्ला बोल कार्यक्रम के अंतर्गत इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड एवं समाधान अभियान के संयुक्त प्रयास से आज कोतवाली कछौना परिसर में संचालित बाल मित्र केंद्र में गुरुपूर्णिमा के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों एवं उनके अभिभावकों को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएँ देते हुए पॉक्सो एक्ट, बाल यौन शोषण की रोकथाम तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना था। बाल मित्र केंद्र के समन्वयक मृदुल अवस्थी ने उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा किसी भी प्रकार के यौन शोषण की स्थिति में तुरंत शिकायत करने और सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर कोतवाली कछौना प्रभारी अमित सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली, आमजन की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका तथा आपातकालीन एवं टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा करते हुए लोगों से निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और पुलिस हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर है।कार्यक्रम का सफल संचालन मृदुल अवस्थी ने किया, जबकि सहयोगी के रूप में भूमि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बच्चों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा बाल सुरक्षा से संबंधित विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User