कांवड़ यात्रा के लिए मेरठ में रूट डायवर्जन लागू, दिल्ली-दून हाईवे व एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद
मेरठ। कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ पुलिस ने विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, 29 जुलाई की रात 12 बजे से 12 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (गाजियाबाद से मेरठ दिशा) और चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग (नहर पटरी) पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस के अनुसार, यातायात व्यवस्था को अंतिम स्वीकृति के बाद लागू किया जाएगा।
योजना के तहत 5 अगस्त की रात से 12 अगस्त की रात तक दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरिद्वार-मुजफ्फरनगर-मेरठ दिशा में सामान्य यातायात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सकता है। वहीं, कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों का भी वैकल्पिक मार्गों से संचालन कराया जाएगा।
मेरठ पुलिस ने यह ट्रैफिक प्लान मेरठ जोन और आसपास के जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय कर तैयार किया है। इसके अनुसार, 2 अगस्त की आधी रात से एनएच-58 पर हल्के और मध्यम वाहन मेरठ से मुजफ्फरनगर और हरिद्वार की ओर बाईं लेन से दोनों दिशाओं में संचालित होंगे, जबकि दाहिनी लेन हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी। कांवड़ियों की संख्या और परिस्थितियों के अनुसार यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नहीं निकाली जाएगी। यात्रा पारंपरिक और निर्धारित मार्गों से ही संचालित होगी।
29 जुलाई की रात से भारी वाहनों का डायवर्जन भी लागू किया जाएगा। अंबाला और यमुनानगर से उत्तराखंड जाने वाले वाहनों को एनएच-344 बाईपास, छुटमलपुर, मोहंड होते हुए देहरादून भेजा जाएगा, जबकि हरिद्वार जाने वाले वाहन छुटमलपुर से भगवानपुर और रुड़की होकर गुजरेंगे।
राजस्थान, दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से सहारनपुर व उत्तराखंड जाने वाले वाहनों को डासना इंटरचेंज से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और आगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिए वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। वहीं, दिल्ली और गाजियाबाद से अमरोहा तथा मुरादाबाद जाने वाले वाहनों के लिए भी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और बुलंदशहर होते हुए अलग रूट निर्धारित किया गया है।
पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और यात्रा से पहले निर्धारित डायवर्जन मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)