इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर गूंजा 'थैंक यू कुच्चू-पुच्चू', जीत के जश्न में झूमे छात्र
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आते ही जंतर-मंतर का माहौल जश्न में बदल गया। कई दिनों से धरने पर बैठे छात्र और युवा खुशी से झूम उठे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य हुआ, एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी गई और पूरे परिसर में 'भारत माता की जय' के नारे गूंजे।
जश्न के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा 'थैंक यू कुच्चू-पुच्चू' नारे की रही। शुरुआत कुछ युवाओं ने मजाकिया अंदाज में की, लेकिन देखते ही देखते पूरा जंतर-मंतर इसी नारे से गूंजने लगा। हर बार नारा लगने पर तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी और प्रदर्शनकारी ढोल की थाप पर नाचते नजर आए। मंच से 'एकदम से वक्त बदल दिया, जज्बात बदल दिए' डायलॉग भी बार-बार दोहराया गया, जिसे युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ दोहराया।
सोशल मीडिया पर भी आंदोलन की जीत का जश्न देखने को मिला। इस्तीफे के बाद मीम्स और रील्स की बाढ़ आ गई। फिल्मों, वेब सीरीज, क्रिकेट और वायरल वीडियो के जरिए छात्रों ने अपनी खुशी जाहिर की। कई पोस्ट में प्रतियोगी छात्रों के संघर्ष, कोचिंग, लाइब्रेरी और परीक्षा केंद्रों के अनुभवों को हास्य के साथ प्रस्तुत किया गया।
इस बीच जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) शिक्षक संघ ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देशव्यापी छात्र-युवा आंदोलन और भारतीय लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया। हालांकि संघ ने कहा कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। शिक्षा व्यवस्था में मौजूद संरचनात्मक समस्याओं का समाधान जरूरी है। शिक्षक संघ ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को समाप्त कर विश्वविद्यालयों को प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने की स्वायत्तता लौटाने की मांग दोहराई।
संघ ने यह भी कहा कि जंतर-मंतर प्रदर्शन में छात्रों और शिक्षकों की भागीदारी रोकने संबंधी विश्वविद्यालयों की एडवाइजरी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध के संवैधानिक अधिकारों के विपरीत है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)