आतंकवादी संगठनों से संबंध के आरोप में गिरफ्तार दो लोगों के घर से मिले हथगोले: दिल्ली पुलिस

आतंकवादी संगठनों से संबंध होने के संदेह में गिरफ्तार किए गए दो लोगों के भलस्वा डेरी इलाके स्थित किराए के मकान से दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने दो हथगोले बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Saturday, January 14, 2023 - 17:30
0
आतंकवादी संगठनों से संबंध के आरोप में गिरफ्तार दो लोगों के घर से मिले हथगोले: दिल्ली पुलिस

नयी दिल्ली, 14 जनवरी 2023, (आरएनआई)। आतंकवादी संगठनों से संबंध होने के संदेह में गिरफ्तार किए गए दो लोगों के भलस्वा डेरी इलाके स्थित किराए के मकान से दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने दो हथगोले बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उनके आवास से मानव रक्त के निशान भी मिले हैं।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने आतंकवादी संगठनों से संबंधों और जघन्य अपराधों में शामिल होने के आरोप में जगजीत सिंह उर्फ जग्गा (29) और नौशाद को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था।

दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नलवा ने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

नलवा ने कहा, ‘‘जांच के दौरान हुए खुलासों के बाद दोनों आरोपी पुलिस दल को भलस्वा डेरी स्थित श्रद्धानंद कॉलोनी में अपने किराए के मकान में लेकर गए, जहां से दो हथगोले बरामद किए गए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एफएसएल (फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला) दल को मानव रक्त के निशान भी मिले हैं।’’

पुलिस ने बताया था कि आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल और 22 कारतूस बरामद किए गए थे।

इसने कहा था कि जग्गा के कनाडा में रह रहे एक खालिस्तानी आतंकवादी से संबंध होने का संदेह है।

पुलिस ने बताया था कि नौशाद आतंकवादी संगठन ‘हरकत उल-अंसार’ से जुड़ा है।

इसने कहा था कि जगजीत कुख्यात ‘बंबीहा’ गिरोह का सदस्य है और उसे विदेश में रहने वाले राष्ट्र-विरोधी तत्वों से निर्देश मिलते रहे हैं। पुलिस ने कहा था कि वह उत्तराखंड में हत्या के एक मामले में पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार हो गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User