आगरा में छह मकान और मंदिर ढहा, चार वर्षीय बच्ची की मौत

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक धर्मशाला में चल रहे खुदाई के काम के कारण बृहस्पतिवार सुबह उसके पास बने मंदिर के अलावा छह मकान ढह गए, जिससे चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

Thursday, January 26, 2023 - 22:00
0
आगरा में छह मकान और मंदिर ढहा, चार वर्षीय बच्ची की मौत

आगरा (उप्र), 26 जनवरी 2023, (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक धर्मशाला में चल रहे खुदाई के काम के कारण बृहस्पतिवार सुबह उसके पास बने मंदिर के अलावा छह मकान ढह गए, जिससे चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (नगर) विकास कुमार ने बताया कि यह घटना सुबह करीब सात बजे हुई।

उन्होंने बताया कि आगरा शहर रेलवे स्टेशन के पास टीला मैथन मोहल्ले की एक धर्मशाला में खुदाई का काम चल रहा था, जिसके असर से छह मकान और एक मंदिर ढह गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘तीन लोग मलबे में दब गए। उनकी पहचान विवेक कुमार और उनकी दो बेटियों – विदेही (पांच) और रुसाली (चार) के रूप में की गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां रुसाली की मौत हो गई।’’

इस घटना में जो मकान ढहे हैं, उनमें से एक में रहने वाले मनोज वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ईश्वर की कृपा रही कि यह घटना सुबह ऐसे समय में हुई जब बहुत कम लोग अपने घरों में थे। अगर यह रात में हुआ होता तो कई लोग फंस गए होते।’’

पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं।

इस संबंध में अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) सिटी अंजनी कुमार ने बताया कि सिटी स्टेशन रोड स्थित धर्मशाला में बेसमेंट में खुदाई का कार्य किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के ऊपरी भाग में स्थित टीला माईथान के छह मकान इसकी जद में आ गये और वह ढह गये।

एडीएम ने कहा कि एक मकान में रहने वाले विवेक पुत्र मुकेश शर्मा और उनकी दो बेटियां वैदेही और रुसाली मलबे में दब गईं। उन्होंने कहा कि विवेक और उनकी बड़ी बेटी वैदेही को निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया।

एडीएम के मुताबिक छोटी बेटी रुसाली को सबसे बाद में निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।

उन्होंने कहा कि इस हादसे की जांच होगी। जांच में पता चल जाएगा कि बेसमेंट की खुदाई की अनुमति मिली थी या नहीं। एडीएम ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिटी स्टेशन रोड पर सालों पुरानी इमारतों में लोग रहते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से धर्मशाला के निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसका विरोध भी किया गया पर काम बंद नहीं किया।

घरों के गिरने के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सिटी स्टेशन रोड पर जाम लगा दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User