हरियाणा से बिहार हो रही थी शराब तस्करी, हरदोई पुलिस ने दबोचे तीन आरोपी
कछौना/हरदोई (आरएनआई)। हरदोई पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से बिहार भेजी जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। थाना कछौना पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हजारों बोतल शराब, चार अर्टिगा कारें और नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक 23/24 मई 2026 की रात थाना कछौना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि कुछ लोग हरियाणा से शराब लेकर बिहार जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने कटियामऊ-खजोहना मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान खजोहना की ओर से आ रही कई गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जमीर पुत्र सगीर, अम्बार पुत्र मोहम्मद यूनुस तथा बबलू पुत्र इंद्रजीत निवासी ग्राम खजोहना थाना कछौना जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3276 पव्वा ऑल सीजन, 594 बोतल ऑल सीजन तथा 168 बोतल रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब बरामद की। इसके अलावा शराब तस्करी में प्रयुक्त चार अर्टिगा कारें और 18,600 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर बिहार के मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिलों में सप्लाई करते थे। गिरोह का मुख्य सरगना हरियाणा निवासी अमित उर्फ भौते बताया जा रहा है, जो शराब पहुंचाने के एवज में प्रति चक्कर सात हजार रुपये देता था।
इस संबंध में थाना कछौना पर मुकदमा संख्या 162/26 के तहत धारा 318(4), 319(2) बीएनएस, 207 एमवी एक्ट तथा 60/63 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)