हरदोई पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की सख्त कार्यवाही: टंडियावां थानाध्यक्ष निलंबित, विभागीय जांच शुरू
हरदोई (आरएनआई)। जनपद में अनुशासनहीनता, लापरवाही और पक्षपातपूर्ण कार्यशैली पर कठोर रुख अपनाते हुए अशोक कुमार मीणा ने बड़ी कार्रवाई की है। टंडियावां थाना के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम कोटरा में दिनांक 04 अप्रैल 2026 को दो पक्षों के मध्य मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि विपक्षी पक्ष की तहरीर के आधार पर पीड़ित पक्ष के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इस मामले को निष्पक्ष पुलिसिंग के सिद्धांतों के विपरीत माना गया।
इसके अतिरिक्त थाना पर पंजीकृत एक अन्य प्रकरण में पीड़िता के थाना उपस्थित होने के बावजूद समय से उसके बयान न्यायालय में दर्ज नहीं कराए गए, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
साथ ही जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति उदासीनता या शिथिलता न बरते, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन का स्पष्ट संदेश गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)