हमने वंचितों को वरीयता दी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

अपनी सरकार द्वारा समाज के वंचित तबके के लिए किए गए कामों को प्रमुखता से सामने रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने ‘वंचितों को वरीयता’ दी है और वह ‘विरासत भी, विकास भी’ का मंत्र लेकर आगे बढ़ रही है।

Sunday, February 12, 2023 - 23:30
0
हमने वंचितों को वरीयता दी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

जयपुर, 12 फरवरी 2023, (आरएनआई)। अपनी सरकार द्वारा समाज के वंचित तबके के लिए किए गए कामों को प्रमुखता से सामने रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने ‘वंचितों को वरीयता’ दी है और वह ‘विरासत भी, विकास भी’ का मंत्र लेकर आगे बढ़ रही है।

इसके साथ ही मोदी ने कहा कि अब भारत ने विकसित बनने का संकल्प लिया है और विकसित भारत बनने के लिए भारत का तीव्र विकास बहुत जरूरी है।

मोदी दौसा में एक्सप्रेस-वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के एक खंड का उद्घाटन करने के बाद आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा,‘‘ पिछले नौ वर्षों में हमने उन क्षेत्रों एवं उन वर्गों पर भी विशेष ध्यान दिया है जो विकास से वंचित थे। हमने वंचितों को वरीयता दी है। गरीब हो, दलित हो, पिछडे़ हो, आदिवासी हो, छोटे किसान हो, हर वर्ग का हमने ध्यान रखा है।’’

उन्‍होंने कहा, ‘‘गरीब परिवारों को पहली बार शिक्षा एवं सरकारी नौकरियों में हमने आरक्षण दिया है। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को संवैधानिक सुरक्षा मिले, इसके लिए हमारी सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘ हमने डाक्टरी और इंजीनियरिंग की पढ़ाई स्थानीय भाषा में करवाने पर जोर दिया है। ‘आल इंडिया मेडिकल कोटे’ में ओबीसी के लिए आरक्षण नहीं था, हमने यह भी सुनिश्चित किया है।’’

उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों से केंद्र सरकार सड़क, रेल, गरीबों के लिए घर, हर घर में जल, बिजली ऐसे हर बुनियादी ढांचे पर पैसा खर्च कर रही है। उनका कहना था कि इस बार के बजट में भी गांव, गरीब की सुविधाएं बढ़ाने के लिए सबसे अधिक बल बुनियादी ढांचे पर दिया गया है।

मोदी ने कहा, ‘‘ आज देश विरासत भी विकास भी इस मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वदेश दर्शन योजना को तहत भी राजस्थान में काम किया गया है। भाजपा सरकार ने यहां मेहंदीपुर बालाजी और धौलपुर में मचकुंड धाम का विकास भी किया है। अपने आस्था स्थलों का विकास भी भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में है।’’

तीव्र विकास की महत्ता को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा,‘राजस्थान की यह धरती शूरवीरों की धरती है। यहां बच्चे-बच्चे का सपना रहा है कि भारत दुनिया में किसी से भी कम न हो। आपके इसी सपने को पूरा करने के लिए अब भारत ने विकसित बनने का संकल्प लिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब भारत ने विकसित बनने का संकल्प लिया है। विकसित भारत बनाने के लिए भारत का तेज विकास बहुत जरूरी है।’

मोदी ने कहा,‘‘आज राजस्थान और देश के विकास का उत्सव है। आज देश में बन रहे सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हुआ है। इस एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से दौसा के अलावा अलवर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी और कोटा जिलों को लाभ होगा।’’

उन्होंने कहा कि अब तक देश में बाजरा जैसे अन्न को मोटा अनाज कहकर एक प्रकार से निम्न भाव से देखा जाता था, लेकिन अब इस मोटा अनाज को एक नई पहचान दी गयी है। उन्होंने कहा, ‘‘ अब हमने इसका नया नामकरण किया है ।अब यह अन्न ‘श्री अन्न’ के नाम से जाना जाएगा और दुनिया में पहुंचेगा।’’

राज्य की कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा,‘‘कांग्रेस ने यहां क्या हाल बना दिया है, कांग्रेस कैसे सरकार चला रही है, यह राजस्थान के लोगों से छिपा नहीं है। अभी कुछ दिन पहले बजट सत्र के दौरान जो कुछ हुआ, उसकी चर्चा हर तरफ है।’’

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User