सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

Tuesday, May 19, 2026 - 11:34
Updated: 2 months ago
0
सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

हरदोई। जनपद हरदोई की साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन अश्लील सामग्री के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम ऐप के जरिए अश्लील वीडियो और फोटो बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई ग्रुप और चैनल बनाकर युवाओं व नाबालिगों को जोड़ता था और उनसे धनराशि लेकर अश्लील कंटेंट उपलब्ध कराता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिले डिजिटल साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर थाना, स्वाट, सर्विलांस तथा एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को साइबर थाना हरदोई में सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रयागराज निवासी एक युवक टेलीग्राम ऐप के माध्यम से अवैध रूप से अश्लील वीडियो और फोटो प्रसारित कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना साइबर में मुकदमा अपराध संख्या 06/26 धारा 294 बीएनएस व 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी विकास सिंह पुत्र किशोरी निवासी न्यू मार्केट शिवाला थाना धूमनगंज जनपद प्रयागराज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और इंस्टाग्राम पर कई ग्रुप संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने टेलीग्राम पर कुल 21 चैनल बना रखे थे। इन चैनलों में हजारों सदस्य जुड़े हुए थे, जिन्हें अश्लील वीडियो और फोटो भेजे जाते थे। आरोपी इन चैनलों की सदस्यता के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था। पुलिस के मुताबिक चैनलों में हजारों अश्लील वीडियो और फोटो अपलोड किए गए थे।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के चार बैंक खातों की जानकारी मिली है। प्रारंभिक जांच में इन खातों में करीब 23 लाख रुपये का लेन-देन सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम किन लोगों से और किस माध्यम से प्राप्त की गई। साथ ही आरोपी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2020 से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था और लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए अश्लील सामग्री बेचकर अवैध कमाई कर रहा था। साइबर टीम अब आरोपी के मोबाइल, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहन जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल जब्बार, हेड कांस्टेबल अनिल सिंह, कांस्टेबल आनंद विक्रम, कांस्टेबल आकाश समेत साइबर थाना, स्वाट और एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User