‘सर, ले-देकर ही काम होता है तो ये टॉफियां रख लीजिए...’, मुरैना में मासूम की फरियाद ने अफसरों को किया निरुत्तर
मुरैना कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में मंगलवार को एक ऐसा भावुक दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को कुछ पल के लिए निरुत्तर कर दिया। छठवीं कक्षा में पढ़ने वाले नौ वर्षीय छात्र मानवेंद्र सिंह अपनी कॉलोनी की समस्या लेकर अधिकारियों के पास पहुंचा और अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए अफसर की टेबल पर चार टॉफियां रख दीं।
मासूम छात्र ने जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव से कहा, “सर, अगर ले-देकर ही काम होता है तो ये टॉफियां रख लीजिए, लेकिन हमारी समस्या का समाधान करवा दीजिए।” बच्चे की यह बात सुनते ही जनसुनवाई कक्ष में कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया और अधिकारी एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे।
संजय कॉलोनी निवासी मानवेंद्र ने बताया कि पंडित चक्की के पास एक पड़ोसी द्वारा कराए गए बोरिंग कार्य के दौरान सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से गंदा पानी पूरी गली में भर रहा है और इलाके में भारी गंदगी फैल गई है।
मानवेंद्र के मुताबिक, पिछले करीब दो महीने से कॉलोनी के लोग इस समस्या से परेशान हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि बच्चों को स्कूल जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मासूम बच्चे की इस अनोखी अपील ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं जनसुनवाई में मौजूद कई लोग बच्चे की समझदारी और साहस की सराहना करते नजर आए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)