संबलपुर में कर्फ्यू लगाया गया, इंटरनेट सेवा के निलंबन की मियाद बढ़ाई

ओडिशा के संबलपुर शहर में रात में हुई हिंसा की छिटपुट घटनाओं और रहस्यमय परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत के बाद शनिवार को कर्फ्यू लगा दिया गया। वहीं, सरकार ने इंटरनेट सेवा के निलंबन की अवधि और 48 घंटों के लिए बढ़ा दी है।

Saturday, April 15, 2023 - 16:00
0
संबलपुर में कर्फ्यू लगाया गया, इंटरनेट सेवा के निलंबन की मियाद बढ़ाई

भुवेश्वर/संबलपुर, 15 अप्रैल 2023, (आरएनआई)। ओडिशा के संबलपुर शहर में रात में हुई हिंसा की छिटपुट घटनाओं और रहस्यमय परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत के बाद शनिवार को कर्फ्यू लगा दिया गया। वहीं, सरकार ने इंटरनेट सेवा के निलंबन की अवधि और 48 घंटों के लिए बढ़ा दी है।

हिंसा की घटनाएं शुक्रवार शाम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में हनुमान जयंती की शोभायात्राएं निकाले जाने के बाद हुई।

ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुनिक के बंसल ने कहा कि संबलपुर में और बल तैनात किए गए हैं तथा वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

उन्होंने कहा, “स्थिति अब नियंत्रण में है और जल्द ही इसमें सुधार की उम्मीद है।” उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उप महानिरीक्षक (उत्तर-मध्य रेंज) बृजेश कुमार राय ने कहा कि प्रशासन ने शुक्रवार रात शहर में हुई हिंसा के बाद क्षेत्र में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया है।

जिला प्रशासन ने अगले आदेश तक संबलपुर शहर में तत्काल प्रभाव से एहतियातन कर्फ्यू लगा दिया है।

लोग सुबह आठ बजे से 10 बजे तक और अपराह्न साढ़े तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच घरों से बाहर निकल सकते हैं और आवश्यक सामान खरीद सकते हैं।

संबलपुर की जिलाधिकारी अनन्या दास ने बताया कि सभी शैक्षणिक संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सरकारी एवं निजी कार्यालय बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी ने लोगों से प्रशासन के साथ सहयोग करने और पश्चिमी ओडिशा के इस शहर में जल्द से जल्द शांति बहाली सुनिश्चित करने की अपील की।

राज्य के गृह विभाग ने एक आधिकारिक आदेश में कहा कि व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया सहित इंटरनेट और डेटा सेवाओं तक पहुंच 17 अप्रैल की सुबह 10 बजे तक निलंबित रहेगी।

आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम 1885 और दूरसंचार सेवाओं का अस्थायी निलंबन (सार्वजनिक आपातकाल या सार्वजनिक सुरक्षा) 2017 के प्रावधानों के तहत प्रतिबंध लगाया गया है।

भड़काऊ संदेशों के प्रसार को रोकने के लिए 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे से 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था।

बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद शहर के रिंग रोड, वीएसएस मार्ग, गोल बाजार, गीती रोड, नुआपाड़ा जैसे कई इलाकों में शुक्रवार रात को कई दुकानों में आग लगा दी गई।

पुलिस ने कहा कि एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या करने की खबर फैलने के बाद दुकानों में आग लगाई गई। पास के बड़ासिंघारी गांव के रहने वाले युवक की अस्पताल में मौत हो गई जबकि उसका साथी हमले में गंभीर रूप से घायल है।

हालांकि, दास ने संभावना व्यक्त की है कि युवक की हत्या हनुमान जयंती शोभायात्रा से जुड़ी हिंसा से संबंधित नहीं हो सकती है।

उन्होंने कहा कि आगजनी के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दास ने कहा, “ संबलपुर में यह असाधारण स्थिति है। मैं लोगों से आग्रह करती हूं कि अफवाहों पर विश्वास न करें। प्रसारित की जा रही खबरों में से करीब 95 फीसदी झूठी थी।”

उन्होंने कहा, ‘‘ प्रशासन सहायक अनुभाग अधिकारियों की परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के बारे निर्णय लेगा।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User