संडीला सीएचसी में विधिक जागरूकता शिविर, स्तनपान, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति पर किया गया जागरूक

Wednesday, August 5, 2026 - 19:42
Updated: 9 hours ago
0
संडीला सीएचसी में विधिक जागरूकता शिविर, स्तनपान, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति पर किया गया जागरूक

संडीला (हरदोई)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदोई की अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश रीता कौशिक एवं प्रभारी सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) स्मिता गोस्वामी के निर्देशन में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन तहसील विधिक सेवा समिति, संडीला के सचिव/तहसीलदार अमित यादव के निर्देशन में हुआ।

शिविर की अध्यक्षता डॉ. मधुवन अवस्थी ने की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य माताओं और समाज को नवजात शिशुओं के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने, शिशु को पहला गाढ़ा पीला दूध (कोलेस्ट्रम) अवश्य पिलाने तथा शुरुआती छह माह तक केवल मां का दूध ही देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि स्तनपान से शिशु को दस्त, निमोनिया और कुपोषण जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव मिलता है। वहीं माताओं में स्तन एवं अंडाशय के कैंसर का खतरा कम होता है तथा प्रसव के बाद स्वास्थ्य लाभ भी तेजी से होता है। इस दौरान गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के संबंध में भी जानकारी दी गई।

शिविर में लीगल एड क्लीनिक के राममूर्ति ने मानसिक रोग एवं बौद्धिक अक्षमता से ग्रस्त व्यक्तियों के कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तियों को भी समाज में सम्मान और समान अवसर के साथ जीवन जीने का पूरा अधिकार है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 21 और 39ए तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत उन्हें समानता, गरिमा, उचित स्वास्थ्य सेवाएं और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार सुनिश्चित किया गया है।

इसके साथ ही नशीले पदार्थों, शराब एवं तंबाकू के दुरुपयोग से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से इनसे दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई।

शिविर में पीएलवी रामकिशोर ने राष्ट्रीय लोक अदालत एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता तथा टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ, बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User