वैध मतदाताओं के नाम काटने की साजिश का आरोप, कांग्रेस ने भाजपा बीएलए पर फर्जी प्रारूप-7 दाखिल करने का लगाया आरोप
हरदोई (आरएनआई) SIR प्रक्रिया के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल वैध मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए भाजपा के बूथ अध्यक्षों एवं बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) द्वारा बड़े पैमाने पर कंप्यूटर टाइप फर्जी प्रारूप-7 प्रपत्र दाखिल किए जाने का गंभीर आरोप कांग्रेस ने लगाया है। इस संबंध में निवर्तमान जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, हरदोई ने सोमवार को शहर के एक रेस्टोरेंट में पत्रकार वार्ता आयोजित कर जिला निर्वाचन प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष एवं 156 हरदोई सदर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे आशीष कुमार सिंह सोमवंशी ने कहा कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए तहसील प्रशासन की मिलीभगत से वैध मतदाताओं के नाम चुपचाप कटवाने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि बिना किसी साक्ष्य के एक साथ सैकड़ों प्रारूप-7 दाखिल करना निर्वाचन आयोग के स्पष्ट निर्देशों का घोर उल्लंघन है।
आशीष सोमवंशी ने उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि 156 हरदोई सदर विधानसभा के बूथ संख्या–204 (राजकीय आदर्श विद्यालय) पर भाजपा बीएलए समीम अहमद द्वारा 115 कंप्यूटर टाइप प्रारूप-7, जबकि बूथ संख्या–205 (राजकीय आदर्श विद्यालय) पर भाजपा बीएलए अफाक अहमद द्वारा 130 कंप्यूटर टाइप प्रारूप-7 प्रपत्र दाखिल किए गए।
उन्होंने दावा किया कि इसी तरह की कार्यवाही विशेषकर अल्पसंख्यक बाहुल्य बूथों पर सुनियोजित ढंग से की गई है, जिससे यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि ये प्रारूप भाजपा कार्यालय अथवा तहसील स्तर पर टाइप कराकर भेजे गए हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि निर्वाचन आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी व्यक्ति केवल अपने या अपने परिवार के सदस्यों का ही प्रारूप-7 जमा कर सकता है। साथ ही आपत्ति की स्थिति में संबंधित मतदाता को नोटिस जारी किया जाना अनिवार्य है तथा शिकायत झूठी पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने का प्रावधान भी है। इसके बावजूद भाजपा बीएलए द्वारा सैकड़ों की संख्या में प्रारूप-7 बीएलओ तक पहुंचना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी, हरदोई से मांग की कि बूथवार यह सार्वजनिक किया जाए कि कितने प्रारूप-7 प्राप्त हुए, ये किस पटल पर और किसके द्वारा जमा किए गए, तथा यदि यह कार्य तहसील प्रशासन के माध्यम से हुआ है तो संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सार्वजनिक की जाए। साथ ही आपत्तिकर्ता और संबंधित मतदाताओं की खुली बैठक आयोजित कर उसकी वीडियोग्राफी के साथ पारदर्शी निस्तारण कराया जाए।
आशीष सोमवंशी ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर फर्जी प्रारूप-7 दाखिल करने वाले भाजपा बूथ अध्यक्षों एवं बीएलए के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी वैध मतदाताओं के साथ मिलकर तहसील एवं जिला अधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी तथा मतदाताओं की ओर से भाजपा बूथ अध्यक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला उपाध्यक्ष साधू सिंह सोमवंशी, नेतम भारतीय, पीसीसी सदस्य डॉ. अजीमुश्शान, पूर्व जिला महासचिव सुरेंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व जिला सचिव राजेश पाण्डेय, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष श्रीप्रकाश मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)