राज्य पुष्प महोत्सव में गुना का परचम, पॉलीहाउस गुलाब के चारों प्रथम पुरस्कार गुना के नाम, मुख्यमंत्री ने की गुना के किसानों की खुलकर प्रशंसा
गुना (आरएनआई)गुना जिला गुलाब की उन्नत खेती के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। इसका सशक्त प्रमाण राज्य स्तरीय पुष्प महोत्सव, भोपाल में देखने को मिला, जहाँ गुना जिले के पॉलीहाउस गुलाब उत्पादक किसानों ने पॉलीहाउस गुलाब श्रेणी के चारों प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर जिले को प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया। यह कार्य गुना कलेक्टर किशोर कन्याल के कुशल रणनीति के तहत हुआ हैं।
पुष्प महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदर्शनी स्थल पर सर्वाधिक समय गुना जिले के पॉलीहाउस गुलाबों को देखने, उनकी गुणवत्ता, रंग, आकार एवं उत्पादन तकनीक की बारीकियों को समझने में बिताया। मुख्यमंत्री ने मंच से भी गुना जिले एवं इसके किसानों की नवाचारी सोच, तकनीकी दक्षता एवं परिश्रम की खुले शब्दों में सराहना की।
पुरस्कारों का विवरण
गुना जिले के ग्राम टकनेरा के प्रगतिशील पॉलीहाउस गुलाब उत्पादक किसान श्री अनिमेष श्रीवास्तव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन प्रथम पुरस्कार अपने नाम किए— गुलाब की जुमेलिया किस्म के लिए प्रथम पुरस्कार, गुलाब की हॉटस्पॉट किस्म के लिए प्रथम पुरस्कार, तथा सोलेरिया (पीले गुलाब) किस्म के लिए प्रथम पुरस्कार। एवं सुशील दहीफले, मुहाल कॉलोनी के किसान ने लाल गुलाब (टॉप सीक्रेट) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, गुना जिले के ही किसान श्री विष्णु धाकड़ को सोलेरिया (पीले गुलाब) किस्म के लिए द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि गुना जिले के किसानों की तकनीकी समझ, वैज्ञानिक प्रबंधन एवं गुणवत्ता-आधारित उत्पादन क्षमता को दर्शाती है।
इस अवसर पर उपसंचालक उद्यान श्री के.पी.एस. किरार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गुना जिले को गुलाब क्लस्टर प्रदान किए जाने हेतु आभार व्यक्त किया तथा इसे जिले के पुष्प उत्पादक किसानों के लिए एक दूरगामी एवं ऐतिहासिक पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सकतपुर, जिला गुना के प्रगतिशील किसान श्री शुभम चौहान ने मंच पर मुख्यमंत्री को गुलाब लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें अनुदान का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उद्यानिकी आयुक्त श्री अरविंद दुबे ने भी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गुना जिले के पॉलीहाउस गुलाब उत्पादक किसानों, जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी विभाग की टीम को हार्दिक बधाई प्रेषित की।
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने इस सफलता पर जिले के सभी पॉलीहाउस गुलाब उत्पादक किसानों एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रशासन, विभाग और किसानों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



