यूपी में बदलने जा रहा मौसम, हवा का रुख बदलते ही कई जिलों में बारिश के आसार; अलर्ट जारी

Tuesday, January 20, 2026 - 12:19
0
यूपी में बदलने जा रहा मौसम, हवा का रुख बदलते ही कई जिलों में बारिश के आसार; अलर्ट जारी

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरोत्तर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के असर से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो अगले 5 से 6 दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश तक भी व्यापक वर्षा होने के आसार जताए गए हैं। हालांकि तापमान में बढ़ोतरी के चलते प्रदेशवासियों को ठंड से कुछ राहत मिलती रहेगी।

रविवार देर रात राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश दर्ज की गई, जबकि सोमवार को दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में अच्छी-खासी बढ़ोतरी महसूस की गई। लखनऊ में केवल दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिली।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होगा और पूर्वा हवा पछुआ में बदल जाएगी। बादलों की मौजूदगी के कारण पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में औसतन 4 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी और कोहरे के घनत्व में कमी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री की वृद्धि हुई है, जिससे ठंड का असर कम हुआ है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी द्रोणी के आगे बढ़ने के साथ इसका प्रभाव कुछ समय के लिए कमजोर पड़ सकता है। इसके कारण अगले 48 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की हल्की गिरावट संभव है, लेकिन तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। कोहरे में कमी के चलते ठंड से राहत बनी रहने की संभावना है।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान की बात करें तो बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुरादाबाद में 6.8, मुजफ्फरनगर में 6.9, नजीबाबाद में 7 और बरेली में 7.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान दो दिन में 4.4 डिग्री से बढ़कर 11.6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 20.9 से बढ़कर 26.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 24 जनवरी को लखनऊ में भी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार से हवा का रुख बदलने के संकेत हैं, हालांकि मंगलवार को मौसम शुष्क रह सकता है और सुबह हल्का कोहरा छाए रहने के आसार हैं। मौसम में इस तेज उतार-चढ़ाव ने लोगों को चौंका दिया है, जहां एक ओर हाल ही में कड़ाके की ठंड थी, वहीं अब दिन में धूप के चलते गर्म कपड़े उतारने पड़ रहे हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User