यूपी दिवस पर अमित शाह लखनऊ पहुंचे, सीएम योगी ने किया स्वागत; कार्यकर्ताओं में उत्साह

Jan 24, 2026 - 12:57
 0  216
यूपी दिवस पर अमित शाह लखनऊ पहुंचे, सीएम योगी ने किया स्वागत; कार्यकर्ताओं में उत्साह

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर जुटे। 24 से 26 जनवरी तक राजधानी के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर ‘यूपी महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना की भी शुरुआत की जाएगी, जिसके माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को पहचान और प्रोत्साहन दिया जाएगा। इस अवसर पर समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।

मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे और समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि देशभर में बसे उत्तर प्रदेश के लोग इस दिन को गर्व और उत्साह के साथ मना रहे हैं। राज्य की प्रगति ‘उत्तम प्रदेश’ बनने की दिशा में मजबूत कदम है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस अवसर को प्रदेश की 25 करोड़ जनता के लिए गर्व का दिन बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का लक्ष्य विकसित उत्तर प्रदेश के माध्यम से पूरा होगा। उन्होंने अमित शाह के आगमन को भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनका तहेदिल से स्वागत किया।

यूपी दिवस समारोह के दौरान प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले पांच विशिष्ट व्यक्तियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों को 11-11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

आयोजन में मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। साथ ही युवा उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, कलाकारों, खिलाड़ियों और पंचायती राज, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि व श्रम क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। बौद्ध, जैन, रामायण और महाभारत सर्किट सहित प्रदेश के सभी 12 पर्यटन सर्किटों से जुड़ी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहरों की झलक भी आमजन को देखने को मिलेगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.