‘महावीर के सिद्धांत अपनाएं तो पुलिस की जरूरत नहीं पड़ेगी’: जयंती समारोह में बोलीं एसपी हितिका वासल

Tuesday, March 31, 2026 - 17:08
Updated: 4 months ago
0
‘महावीर के सिद्धांत अपनाएं तो पुलिस की जरूरत नहीं पड़ेगी’: जयंती समारोह में बोलीं एसपी हितिका वासल

गुना (आरएनआई) अहिंसा के अवतार भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव आज गुना सहित पूरे अंचल में अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शहर में भव्य पालकी जुलूस निकाला गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नवागत पुलिस अधीक्षक हितिका वासल सम्मिलित हुईं। महावीर भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी वासल ने भगवान महावीर के जियो और जीने दो के सिद्धांत को वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में सबसे सटीक समाधान बताया।

एसपी ने रेखांकित किया महावीर का दर्शन
जुलूस के समापन अवसर पर आयोजित धर्मसभा में नवागत एसपी हितिका वासल ने अपने संबोधन से समाज को गहरे चिंतन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, आज के युग में जब पूरा विश्व बारूद के ढेर पर बैठा है और चारों ओर हिंसा का माहौल है, ऐसी स्थिति में भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांत और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। यदि लोग भगवान महावीर के अहिंसा और प्रेम के मार्ग को अपने जीवन में पूरी तरह उतार लें, तो हम पुलिस वालों का कोई काम ही नहीं रहेगा। समाज में अपराध और विवाद समाप्त हो जाएंगे और हम भी निश्चिंत होकर घर बैठ सकेंगे। उन्होंने जैन समाज को इस भव्य और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की। इस मौके पर जैन समाज द्वारा एसपी श्रीमती वासल का सम्मान किया गया।

भक्ति और भव्यता का संगम रहा पालकी जुलूस
सोमवार तडक़े से ही शहर के जैन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे। मुख्य कार्यक्रम स्थानीय चौधरी मोहल्ला स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से आरंभ हुआ, जहां सामूहिक अभिषेक और शांतिधारा के पश्चात भगवान महावीर स्वामी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों की मधुर धुन पर निकली इस यात्रा में सबसे आगे हाथों में धर्म ध्वजा लिए जैन पाठशाला के बच्चे चल रहे थे। उनके पीछे एक समान केसरिया वेशभूषा में महिलाएं और सफेद गणवेश में पुरुष वर्ग भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे। श्रीजी की पालकी को समाज बंधु अपने कंधों पर उठाकर चल रहे थे, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।

सेवा कार्यों से महका जन्मोत्सव
यह शोभायात्रा बताशा गली, निचला बाजार, सदर बाजार, सुगन चौराहा, जयस्तंभ, लक्ष्मीगंज और नई सडक़ होते हुए पुन: मंदिर पहुंची। महावीर जयंती के इस पावन अवसर पर जैन समाज ने सेवा कार्यों की भी मिसाल पेश की। सेवा भारती द्वारा संचालित मां अन्नपूर्णा रसोई में मरीजों के परिजनों को नि:शुल्क भोजन कराया गया, वहीं गौशालाओं में गायों को गौ-ग्रास खिलाया गया। शाम को वृद्धाश्रम में भोजन वितरण और रात्रि में महावीर गाथा नाटिका के मंचन के साथ महोत्सव का भव्य समापन हुआ।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User