मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का कहर, शीतलहर का अलर्ट, बारिश के भी आसार
भोपाल (आरएनआई)मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई शहरों में घना कोहरा छाया हुआ है, तो कई इलाकों में शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट जारी करते हुए आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है।
प्रदेश के चार शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सबसे कम तापमान कल्याणपुर में 4.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शाजापुर, कटनी के करौंदी और मंदसौर में पारा 4.7 से 4.8 डिग्री के बीच रहा। राजगढ़ में 5.5 डिग्री, रीवा में 6.2 डिग्री, दतिया में 6.6 डिग्री और पचमढ़ी में 6.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
उमरिया, नौगांव, मंडला, खजुराहो, सतना, दमोह, सीधी, रायसेन, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मलाजखंड और रतलाम में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में पारा 6.8 डिग्री तक गिर गया, जबकि भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी तापमान फिर से 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। बुधवार-गुरुवार की रात भोपाल में 8 डिग्री, ग्वालियर में 7.4 डिग्री, उज्जैन में 9 डिग्री और जबलपुर में 9.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 20 जनवरी के बाद मावठा गिरने के भी आसार जताए गए हैं। बढ़ती ठंड और संभावित मौसम बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)