मणिपुर: भीड़ ने झड़प के बाद आईआरबी कर्मी के मकान में आग लगाई

मणिपुर के थौबल जिले में नाराज भीड़ ने भारतीय आरक्षित वाहिनी (आईआरबी) के एक कर्मी के मकान में आग लगा दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

Wednesday, July 5, 2023 - 12:00
0
मणिपुर: भीड़ ने झड़प के बाद आईआरबी कर्मी के मकान में आग लगाई

इंफाल, 5 जुलाई 2023, (आरएनआई)। मणिपुर के थौबल जिले में नाराज भीड़ ने भारतीय आरक्षित वाहिनी (आईआरबी) के एक कर्मी के मकान में आग लगा दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना मंगलवार रात को सामाराम में हुई। इससे पहले 700-800 लोगों की भीड़ ने चार किलोमीटर दूर वांगबल में आईआरबी के शिविर से हथियार लूटने की कोशिश की थी, जिसके परिणामस्वरूप सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़प में 27 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान रोनाल्डो के रूप में की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और पहले आंसू गैस के गोलों एवं रबड़ की गोलियों का इस्तेमाल किया, लेकिन हथियारबंद भीड़ ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि भीड़ ने शिविर तक आने वाली सड़कों को भी कई स्थानों पर बाधित कर दिया था, ताकि अतिरिक्त बलों को पहुंचने से रोका जा सके, लेकिन बल शिविर तक पहुंच गए।

अधिकारियों ने बताया कि भीड़ ने शिविर आ रहे असम राइफल्स के एक दल पर भी हमला किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने असम राइफल्स के कर्मियों पर गोलीबारी की और उनके वाहन को आग लगा दी, जिसमें एक जवान घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि जवान के पैर में गोली लगी है।

अधिकारियों ने बताया कि झड़पों में रोनाल्डो नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसे पहले थौबल जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे इंफाल स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन इंफाल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि झड़प में 10 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से गंभीर रूप से घायल छह लोगों को इंफाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User