बारिश और बर्फबारी से 20 मार्ग बंद, उत्तरकाशी में फंसे लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
देहरादून (आरएनआई)। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम के बदले मिजाज के चलते राज्यभर में 20 छोटे-बड़े मार्ग बंद हो गए हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें मार्गों को खोलने में जुटी हैं, वहीं उत्तरकाशी जिले में कई स्थानों पर फंसे वाहनों और लोगों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य की ओर भेजा गया।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बंद मार्गों में दो राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्यमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और 10 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। देहरादून जिले में सबसे अधिक सड़कें बाधित हुई हैं, जहां दो राज्यमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और चार ग्रामीण मार्ग बंद पड़े हैं।
उत्तरकाशी जिले में भी हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। यहां दो राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्यमार्ग और तीन ग्रामीण मार्ग समेत कुल सात सड़कें बंद हैं। ऋषिकेश–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 134 राड़ीटाप से औरछाबैंड तक बर्फबारी के कारण अवरुद्ध है, जबकि ऋषिकेश–गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 गंगनानी से आगे बंद है। चमोली जिले में जोशीमठ–औली मार्ग और पौड़ी जिले में एक राज्यमार्ग बर्फबारी के चलते यातायात के लिए बंद है। पिथौरागढ़ जिले में भी तीन मार्ग प्रभावित हुए हैं।
उत्तरकाशी जिले में बर्फबारी और मलबा आने से विभिन्न मोटर मार्गों पर कई वाहन फंस गए थे। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उत्तरकाशी–लंबगांव मोटर मार्ग के चौरंगी क्षेत्र में फंसे लोगों को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। पहले 14 लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया, इसके बाद आठ महिलाएं और बच्चों को मैगी प्वाइंट तक लाया गया। चौरंगी खाल में पूर्ति विभाग की ओर से सभी के भोजन की व्यवस्था भी की गई।
बनचौरा–दिवारी खोल और पत्थर खोल के बीच फंसे एक वाहन से तीन लोगों को सुरक्षित निकालकर पत्थर खोल वन विभाग चौकी पहुंचाया गया। पुरोला–मोरी मोटर मार्ग के जरमोला धार क्षेत्र में फंसी लगभग 200 लोगों की गाड़ियों को सुरक्षित निकाल दिया गया, हालांकि एक टेंपो ट्रेवलर अभी भी वहीं खड़ा है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण के पास मलबा आने से अवरुद्ध मार्ग को भी साफ कर यातायात सुचारु कराया गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम और मार्गों की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। बंद मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए मशीनें और टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



