बाइक सवार बदमाशों ने सुनार से लाखों के सोने-चांदी के आभूषण लूटे, खुलासे को पुलिस की चार टीमें गठित
हरदोई। जिले के थाना कासिमपुर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक सुनार से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए जाने की वारदात से सनसनी फैल गई। चार बदमाशों ने सुनार को रास्ते में घेरकर मारपीट की और आभूषणों से भरा थैला छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया और खुलासे के लिए चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना कासिमपुर क्षेत्र के ग्राम हसनापुर निवासी मो. नसीम पुत्र नसीर घुघेरा चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान संचालित करते हैं। बुधवार की शाम करीब सात बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। तभी जमुनिया बाग और रसूलपुर के बीच सुनसान मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पहले नसीम के साथ मारपीट और छीनाझपटी की। इसके बाद उनके पास मौजूद थैला छीन लिया, जिसमें लगभग दो किलोग्राम चांदी, करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण तथा एक मोबाइल फोन रखा हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित से वार्ता कर घटना की पूरी जानकारी ली तथा अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना के खुलासे के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस वारदात के बाद व्यापारियों और सर्राफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है तथा उन्होंने पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)