पेपर लीक कानून पर बोले देवेंद्र फडणवीस, कहा- युवाओं के भविष्य के लिए सरकार ने लिया बड़ा फैसला
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पेपर लीक और परीक्षा में धोखाधड़ी के खिलाफ प्रस्तावित सख्त कानून का स्वागत करते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
एक रैली के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर फडणवीस ने कहा कि उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि उन्हें जश्न मनाने का कोई कारण मिला और हम भी खुश हैं। आखिरकार, यह मुद्दा किसी व्यक्ति या किसी राजनीतिक पार्टी का नहीं है, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए देशहित में आवश्यक निर्णय लिए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस विधेयक पर संसद में भी चर्चा होगी और सरकार इसे प्रभावी रूप से आगे बढ़ाएगी।
फडणवीस ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक और परीक्षा में धोखाधड़ी के खिलाफ सबसे कड़े कानूनों में से एक लाने का निर्णय लिया है, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने दावा किया कि इस तरह का कठोर कानून दुनिया में भी कम ही देखने को मिलता है।
उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और युवाओं के साथ होने वाले अन्याय को रोकना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)