छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
हरदोई। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने जंतर-मंतर की घटना की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने, कथित रूप से जिम्मेदार अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने, घायल छात्रों को निःशुल्क उपचार और मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा लेने अथवा उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी की गई। कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग भी उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद से होना चाहिए और लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शिवा पाल, अजीत सिंह चंदेल, एडवोकेट भुट्टो मियां, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अजीत विशाल नंदवंशी, सेवा दल जिला अध्यक्ष शिवम अग्निहोत्री, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, शहर उपाध्यक्ष उमा राजवंशी, पी.पी. वर्मा, गोपाल पांडे, मोहम्मद आजम, शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अंकित पाल, अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विनीत वर्मा, पीसीसी सदस्य आशीष पाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)