किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर बढ़ाएं आय, योजनाओं का लाभ समयबद्ध पहुंचाएं: अनुनय झा
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में बुधवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) की शासी निकाय एवं प्रबंध समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं और आत्मा योजना के तहत संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण तथा कृषि यंत्रीकरण के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि आत्मा योजना के अंतर्गत किसान प्रशिक्षण, भ्रमण कार्यक्रम, किसान गोष्ठियों और तकनीकी प्रदर्शन का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसान नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित अन्य कृषि आधारित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
डीएम ने किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कृषि विभाग को खरीफ और रबी सीजन की तैयारियां समय से पूरी करने, गुणवत्तायुक्त बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, उप कृषि निदेशक राजेश यादव, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्रा सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)