ग्वालियर में कोहरे के बीच भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
ग्वालियर (आरएनआई) ग्वालियर में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। भिंड रोड हाईवे पर बंटू ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक भिंड जिले के निवासी थे और किसी काम से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे उनकी कार जैसे ही बंटू ढाबा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो पुरुष तथा दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क के दाहिने हिस्से में झाड़ियों में जा घुसा।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और ट्रक की तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
फिलहाल ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार को उजाड़ दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0



