ग्रामीण चौपाल में सीडीओ ने सुनीं समस्याएं, राशन और विद्यालय की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Friday, July 3, 2026 - 17:58
Updated: 1 month ago
0
ग्रामीण चौपाल में सीडीओ ने सुनीं समस्याएं, राशन और विद्यालय की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

हरदोई, 3 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने शुक्रवार को विकास खंड सांडी की ग्राम पंचायत आदमपुर में आयोजित ग्रामीण चौपाल में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जमीनी हकीकत परखते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। चौपाल के बाद उन्होंने विद्यालय, रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी), अस्थायी गौ आश्रय स्थल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी का भी निरीक्षण किया।

चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, राशन वितरण, नाली सफाई और दिव्यांग सुविधा सहित कई समस्याएं रखीं। भानु मिश्रा के घर के पास खराब हैंडपंप को रिबोर कराने के निर्देश तत्काल दिए गए। वहीं सांडी देहात के कोटेदार रामशंकर के खिलाफ कम राशन वितरण की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आदमपुर के मजरा पुरवा में नाली सफाई न होने की शिकायत पर दोषी सफाई कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए गए।

चौपाल के दौरान शकुंतला ने अपने दिव्यांग पुत्र आयुष के लिए साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को पात्रता के अनुसार साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 50 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किए, जबकि कृषि, समाज कल्याण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए।

ग्रामीण चौपाल के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने संविलियन विद्यालय आदमपुर से स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चों ने शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति का संदेश दिया। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

विद्यालय निरीक्षण के दौरान रसोईघर में पर्याप्त प्रकाश और वेंटिलेशन का अभाव, गैस के बजाय चूल्हे पर भोजन बनना तथा हैंडवॉश यूनिट में पानी की व्यवस्था न मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारी को दिए।

इसके बाद उन्होंने रिसोर्स रिकवरी सेंटर और अस्थायी गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। आरआरसी की अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा गौ आश्रय स्थल के पेयजल टैंक में जमी काई को तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोवंश के लिए हरे चारे, भूसे और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता का भी जायजा लिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी के निरीक्षण के दौरान पंजीकरण कक्ष, ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, एक्स-रे कक्ष, दवा वितरण कक्ष और जननी सुरक्षा वार्ड का निरीक्षण किया गया। भर्ती महिलाओं से बातचीत कर उन्हें फल वितरित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को शीघ्र फायर एनओसी प्राप्त करने, अस्पताल परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा खराब सोलर वाटर टैंक को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी बिलग्राम, खंड विकास अधिकारी सांडी, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक, पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User